मध्य प्रदेश

Jabalpur: जबलपुर में बिगड़ा मौसम, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

Admindelhi1
20 March 2026 5:39 PM IST
Jabalpur: जबलपुर में बिगड़ा मौसम, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
x

जबलपुर: जबलपुर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी देर रात को मौसम अचानक बदल गया। जोरदार बारिश के साथ बादलों का गर्जन एवं बिजली की तेज गड़गड़ाहट ने लोगों को दहशत में डाल दिया। देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहा।

शहर में अचानक रात 12:00 के बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगी, इसके बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश ने जोर पकड़ लिया। बे मौसम हुई इस बरसात ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस समय जहां नवरात्र को लेकर मंदिरों में सजावट एवं मेला लगा हुआ है, वहीं रमजान के चलते कई बाजार खासकर मीना बाजार भरे हुए हैं। देर रात हुई बारिश से यह सब अस्त व्यस्त हो गए। व्यापारियों का भारी नुकसान हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव हुआ है जो अभी एक-दो दिन रहने की संभावना है। शुक्रवार सुबह बादलों के छाए रहने से धूप छांव का सिलसिला बना हुआ है।

उल्‍लेखनीय है कि मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के 34 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि छह जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 28 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय है, जिसके कारण पिछले दो दिनों से आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को 15 से अधिक जिलों में मौसम अचानक बदला। कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई, तो कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नरसिंहपुर, खंडवा, हरदा, देवास, मंडला, खरगोन और सिवनी जैसे जिलों में ओले गिरने की खबरें सामने आईं। वहीं भोपाल और बुरहानपुर सहित कई इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखी गईं। वहीं आगे के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ रुख बना रहेगा। खासतौर पर सतना, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, रीवा, मैहर, मऊगंज और अनूपपुर में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

Next Story