- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Jabalpur: 7 लाख कीमती...
Jabalpur: 7 लाख कीमती सोने के जेवर चोरी के मामले में पुलिस सक्रिय

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में सोमवार को शादी समारोह से लौट रहे बुजुर्ग दंपत्ति से बाइक सवार बदमाशों ने करीब साढ़े चार तोला वजनी सोने का हार झपट लिया। हार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अनिल सोनी और उनकी पत्नी मीना सोनी भोपाल में आयोजित एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर बस से जबलपुर लौटे थे। जैसे ही वे बजरंग नगर स्थित टीवीएस शोरूम के सामने बस से उतरे, पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
बदमाशों ने महिला के गले से साढ़े चार तोले का सोने का हार झपटा और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। पीड़ित दंपत्ति के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए, लेकिन तब तक आरोपी ओझल हो चुके थे। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





