मध्य प्रदेश

Jabalpur: पिस्ता बर्फी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, जांच शुरू

Admindelhi1
15 Feb 2026 2:50 PM IST
Jabalpur: पिस्ता बर्फी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, जांच शुरू
x

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट क्षेत्र में फूड पॉइजनिंग की शिकायत प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने शनिवार को एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में संदिग्ध पिस्ता बर्फी विक्रेता भेडाघाट चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बीकानेर स्वीट्स से पिस्ता बर्फी का नमूना लेकर विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल प्रेषित किया गया।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी कि बुधवार 11 फरवरी को मिठाई तथा अन्य व्यंजन खाने के बाद कुछ लोगों को फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण परिलक्षित हुये हैं। सूचना प्राप्त होते ही संदिग्ध पिस्ता बर्फी विक्रेता भेडाघाट चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स से नमूना संग्रहण किया गया है। जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।

गौरतलब है कि बीते बुधवार को भेड़ाघाट क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर में महिलाओं द्वारा सुहागलों का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें बीकानेर स्वीट्स से मिठाई लाई गई थी। उक्त मिठाई खाने के बाद शुक्रवार को महिलाएं, बच्चे और दो युवक बीमार हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जबलपुर,गोटेगांव और नागपुर के अस्पताल में भर्तीकराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत होने लगी। कई लोग वहीं बैठ गए तो कुछ जमीन पर गिर पड़े। बीमार होने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने से परिजन घबरा गए और तत्काल निजी वाहनों एवं एंबुलेंस के माध्यम से सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। बताया जाता है कि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।

Next Story