मध्य प्रदेश

Jabalpur: बगदरी वॉटरफॉल में नाबालिगों से दुर्व्यवहार का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Admindelhi1
4 Sept 2026 8:36 AM IST
Jabalpur: बगदरी वॉटरफॉल में नाबालिगों से दुर्व्यवहार का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
x
दो नाबालिगों से अमानवीय व्यवहार का आरोप, बगदरी वॉटरफॉल में पुलिस जांच

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पाटन थाना क्षेत्र के बगदरी वॉटरफॉल में घूमने पहुंचे दो करीब 12 वर्षीय नाबालिगों के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है।

आरोप है कि कुछ युवकों ने दोनों बच्चों पर चोरी का आरोप लगाकर उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, बच्चों को निर्वस्त्र कर उनका वीडियो बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।


गुरुवार को वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है।

पाटन थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

चोरी का आरोप लगाकर बच्चों को पीटा

जानकारी के अनुसार पाटन क्षेत्र में रहने वाले दोनों नाबालिग बगदरी वॉटरफॉल घूमने गए थे। इसी दौरान दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से आए कुछ युवक भी वहां पहुंचे। युवकों ने वॉटरफॉल के पास अपने कपड़े रखे और नहाने चले गए।

नहाने के बाद लौटने पर युवकों ने वहां मौजूद दोनों बच्चों पर कथित तौर पर रुपये चोरी करने का आरोप लगाया।

आरोप है कि बच्चों ने खुद को निर्दोष बताते हुए बार-बार चोरी से इनकार किया, लेकिन युवकों ने उनकी बात नहीं मानी और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद बच्चों के कपड़े उतरवा दिए गए और उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया गया। बच्चों का कहना था कि जमीन पर रखे रुपये उन्हीं युवकों के हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इसी दौरान एक युवक मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा।

बच्चों के अनुसार, आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। आरोप है कि रुपये लेने के बाद उनसे शराब के लिए पैसे मांगे गए। घटना के दौरान वीडियो बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली। वीडियो में नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पाटन थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

Next Story