मध्य प्रदेश

Indore: इंदौर अस्पताल में मिला नवजात का शव, जांच जारी

Admindelhi1
29 May 2026 1:30 PM IST
Indore: इंदौर अस्पताल में मिला नवजात का शव, जांच जारी
x
बाथरूम में मिला तीन माह के बच्चे का शव

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर के सबसे बड़े शासकीय महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल में शुक्रवार सुबह इमरजेंसी वार्ड के ठीक सामने स्थित बाथरूम में एक नवजात शिशु का शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला सुबह उस वक्त उजागर हुआ जब कुछ लोग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास बने बाथरूम का उपयोग करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी। लोगों ने बिना देर किए इसकी जानकारी वहां तैनात सुरक्षा गार्ड्स को दी। इसके बाद अस्पताल के सफाई कर्मचारियों की मदद से मासूम के शव को बाथरूम से बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच और डॉक्टरों के मुआयने में सामने आया है कि शिशु की उम्र करीब तीन महीने के आसपास है। शव को पहले अस्पताल के सीएचएमओ कक्ष में रखवाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है।

इस घटना के बाद से अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एमवाय जैसे बड़े अस्पताल में चौबीसों घंटे भारी संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और परिसर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद कोई अज्ञात व्यक्ति तीन महीने के बच्चे का शव बाथरूम में छोड़कर आसानी से निकल गया। पुलिस ने अस्पताल में लगे सभी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

Next Story