मध्य प्रदेश

Indore: केले से भरी आयशर ट्रक से टकराई कार, ड्राइवर और क्लीनर की मौत

Admindelhi1
12 March 2026 4:32 PM IST
Indore: केले से भरी आयशर ट्रक से टकराई कार, ड्राइवर और क्लीनर की मौत
x

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में बिचोली हाप्सी ब्रिज पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। केले से भरा आयशर वाहन हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार आयशर वाहन राऊ से देवास की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिचोली हाप्सी ब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी तेज रफ्तार में टक्कर हो गई। हादसे के समय ट्रक पर एक जेसीबी मशीन भी खड़ी थी। तेज टक्कर के कारण आयशर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और केबिन में सवार दोनों लोग उसमें बुरी तरह फंस गए। हादसे में आयशर चालक रमेश उर्फ राजेश पुत्र फूलचंद गोयल निवासी बड़वानी और क्लीनर राजू उर्फ राजेश निवासी बोधवाड़ा, धार की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन जेसीबी और क्रेन की मदद से निकाले गए शव

सूचना मिलते ही कनाडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन जेसीबी और एक क्रेन की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।

गलत तरीके से खड़े थे ट्रक और जेसीबी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक और जेसीबी दिखाई नहीं दी। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन बायपास पर गलत तरीके से खड़े थे। फिलहाल पुलिस ने ट्रक और जेसीबी को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Next Story