मध्य प्रदेश

Indore: एक दिन में कोरोना के मिले 7 नए मरीज

Anurag
5 Jun 2025 8:14 AM IST
Indore: एक दिन में कोरोना के मिले 7 नए मरीज
x
Indore इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना संक्रमण एक बार फिर सिर उठाता नजर आ रहा है। बुधवार को शहर में कोरोना के सात नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन मरीज हाल ही में मथुरा, केरल और बद्रीनाथ की यात्रा से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। शहर में कोरोना के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। रोजाना नए मरीज सामने आ रहे हैं, जिससे संक्रमण का खतरा फिर मंडराने लगा है।
बुधवार को जिन सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें से कई हाल ही में विभिन्न राज्यों से यात्रा करके लौटे हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें आइसोलेट करने की तैयारी की जा रही है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इस साल अब तक इंदौर में कोरोना के कुल 33 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 25 मरीज इंदौर और आठ अन्य जिलों के हैं। शहर में फिलहाल 17 एक्टिव मरीज हैं, जो सभी होम आइसोलेशन में हैं। सीएमएचओ डॉ. बीएस सैत्या ने बताया कि हाल ही में कोरोना के ओमीक्रॉन वैरिएंट की सब-लाइनेज की पुष्टि हुई है, जिससे घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।
भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने और लक्षण दिखने पर संपर्क में न आने की सलाह दी गई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बुधवार को विशेषज्ञों की बैठक लेकर छह बेड के आईसीयू वार्ड और ऑक्सीजन जैसी चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। कोरोना वार्ड में डॉक्टर और स्टाफ की टीम तैनात रहेगी और मरीजों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
Next Story