- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- विदिशा से भोपाल आ रही...
विदिशा से भोपाल आ रही पिकअप में गोवंश का अवैध परिवहन पकड़ा

भोपाल: विदिशा से भोपाल की ओर आ रही एक लोडिंग पिकअप को सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास रोकने पर उसमें नौ गोवंश मिले। इनमें आठ जीवित थे, जबकि एक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने अवैध परिवहन के आरोप में चालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया है।
एफआईआर के मुताबिक, देर रात करीब दो बजे हुई कार्रवाई से पहले बजरंग दल कार्यकर्ताओं को पिकअप में गोवंश लाए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वाहन क्रमांक एमपी 41-जेडएल-4638 विदिशा की ओर से भोपाल आ रहा है। इसके बाद पुलिस टीम और कार्यकर्ता विदिशा रोड स्थित सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पहुंचे।
संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें गोवंश भरे मिले। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर उन्हें बाहर निकलवाया। गिनती के दौरान कुल नौ गोवंश पाए गए, जिनमें एक मृत था।
जीवित मिले आठों गोवंश को देखभाल के लिए जीवदया गौशाला पहुंचाया गया। मृत गोवंश की पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कराई गई।
गिरफ्तार आरोपियों में पिकअप चालक लकी राठौर (18), निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर; रामवीर मीना (26), निवासी भटमड़ा तथा शीतांशु ठाकुर और अजब सिंह ठाकुर शामिल हैं। शीतांशु और अजब सिंह की उम्र 21-21 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पिकअप के साथ रस्सी और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।





