- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पति ने पत्नी पर फेंका...

x
बड़ी खबर
भोपाल। अशोका गार्डन पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर सोमवार देर रात उसके पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त करने, मारपीट करने और एसिड अटैक का मुकदमा दर्ज किया है। घटना दो अगस्त को प्रभात चौराहे की बताई जा रही है। पीडि़ता छह दिन तक उपचार कराती रही, बीती रात वह थाने पहुंची और मुकदमा दर्ज कराया। दोनों ने एक साल पहले इंटर रिलीजन मैरिज की थी। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। आज घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। अशोका गार्डन थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि 33 वर्षीय महजबीन खान (बदला हुआ नाम) मूलत: बालाघाट की निवासी है। वह ग्रेजुएशन के बाद प्रायवेट जॉब करती थी।
फिलहाल जॉब की तलाश में भोपाल में रह रही है। फेसबुक पर उसकी दोस्ती आरोपी फतेहपुर सीकरी निवासी शिवा चौधरी से हो गई थी। दोनों में इंटरनेट मीडिया पर ही प्यार हो गया। इसके बाद में दोनों के बीच कई बार मुलाकात हुई। पिछले साल दोनों ने परिजनों की मर्जी के बगैर अपने-अपने घर से भागकर शादी कर ली। शादी के बाद दोनों आगरा, फतेहपुर आदि स्थानों पर रहे। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद होने लगे। पीडि़ता का आरोप है कि पति मायके से दहेज में नकदी लाने के लिए प्रताडि़त करता था। उसके साथ में मारपीट की जाने लगी थी। आए दिन के विवादों से तंग आकर फरियादी महिला पति से अलग भोपाल में आकर रहने लगी।
यहां पति बीते 2 अगस्त को आया, दिन भर फोन पर मिलने के लिए मनाता रहा। देर रात महिला उसे मिलने के लिए राजी हुई, तब युवक ने उसे प्रभात चौराहा पर बुलाया। वहां दोनों में बहसबाजी हुई और आरोपी ने पीड़िता पर बॉटल में भरा हुआ एसिड डाल दिया। इससे लड़की के शरीर के कई हिस्से झुलस गए। उसकी एक आंख बुरी तरह से झुलसी है। पीठ, एक हाथ और गले में भी झुलसने के निशान हैं। लड़की ने पुलिस को बताया कि डर के कारण वह चुपचाप अपना इलाज कराती रही। आरोपी लगातार उसे फोन पर धमका रहा है। सोमवार रात आखिरकार वह हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची और मुकदमा दर्ज कराया।
Next Story