मध्य प्रदेश

ह्यूमन ट्रैफिकिंग: शादी में काम दिलाने के बहाने महिला को बेचा, दो महीने बंधक बनाकर किया दुष्कर्म

Kunti Dhruw
20 Dec 2021 12:50 AM GMT
ह्यूमन ट्रैफिकिंग: शादी में काम दिलाने के बहाने महिला को बेचा, दो महीने बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
x
भोपाल की एक महिला को राजस्थान में बेचने और उसके साथ दो महीने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।

भोपाल की एक महिला को राजस्थान में बेचने और उसके साथ दो महीने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला को शादी में काम दिलवाने का कहकर ले जाया गया था। महिला ने जैसे-तैसे अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। बहन की सूचना पर भोपाल पुलिस ने राजस्थान से महिला को आजाद करवाया।

जानकारी के अनुसार मामला ढाई महीने पुराना बताया जा रहा है। मजदूर महिला को शादी में काम दिलाने के नाम पर मजबूत सिंह राजस्थान के एक गांव ले गया था। वहां पर उसे किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। वह व्यक्ति महिला को बंधक बनाकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। महिला को लगभग दो महीने तक बंधक बनाकर रखा गया था। बंधक महिला ने जैसे-तैसे अपनी छोटी बहन को दुष्कर्म और बंधक बनाकर रखने की बात बताई। बहन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। भोपाल पुलिस हरकत में आई।
भोपाल पुलिस की एक टीम राजस्थान पुलिस की मदद से आरोपी के गांव पहुंची। पीड़िता की बहन के बताए ठिकाने पर धावा बोला। कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला तोड़कर देखा तो महिला कमरे के भीतर कैद थी। पुलिस ने बंधक महिला को छुड़ाया। मौके पर एक भी आरोपी नहीं मिला। इस मामले की जांच टीलाजमालपुरा पुलिस कर रही है। दोनों राज्य की पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। एमपी पुलिस भोपाल से महिला को राजस्थान ले जाने वाले मजबूत सिंह की तलाश कर रही है।
Next Story