मध्य प्रदेश

भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत

Deepa Sahu
23 March 2022 12:10 AM IST
भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत
x
मध्य प्रदेश में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की जान चली गई।

मध्य प्रदेश में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक रीवा जिले के नईगढ़ी थाना अंतर्गत कटरा मऊगंज मार्ग स्थित महेबा गांव के पास मंगलवार की शाम यह हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में बाइक सवार 3 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पिता और बेटी तथा उनकी सास शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 100 सहित नईगढ़ी पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों के शव को नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मर्चुरी में रखवा दिया। नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवराजपुर के रहने वाले नीरज शुक्ला अपनी सास ममता तिवारी का उपचार कराने बाइक पर सवार होकर चाकघाट जा रहे थे। उनके साथ नीरज की तीन वर्षीय पुत्री पीहू शुक्ला भी थी। जैसे ही वो कटरा मऊगंज मार्ग स्थित महेबा गांव के पास पहुंचे कटरा की तरफ से आ रही बोलेरो वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


यह टक्कर इतनी जोरदार थी की मौके पर ही बाइक सवार तीनों लोगो की मौत हो गई और बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। इस हादसे के चलते बोलेरो सवार कुछ लोग घायल हो गए थे जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।


Next Story