मध्य प्रदेश

अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, सेना के जवान समेत तीन की मौत

Admindelhi1
23 Nov 2026 1:53 PM IST
अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, सेना के जवान समेत तीन की मौत
x
शादी की खुशियों के बीच मातम, तीन लोगों की दर्दनाक मौत

अनूपपुर: दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे सेना के जवान का सफर आखिरी साबित हुआ। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में सेना के जवान विनीत विश्वकर्मा, उनके बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम की मौत हो गई। दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार तीन लोगों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। वहीं, धनगवां निवासी राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।

विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सेना में जवान था। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उसके दोस्त की शादी होने वाली थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए विनीत छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।

विनीत रात करीब तीन बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी के साथ बोलेरो से घर के लिए रवाना हुआ। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही छूलहा गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जयकरण के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। दो बेटों की एक साथ मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

जयकरण लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि हादसे में जान गंवाने वाला दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था। दुर्घटना में परिवार ने अपने दो आर्थिक सहारे खो दिए।

हादसे में मृत मोहम्मद करीम धनगवां के रहने वाले थे। वह दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो के मालिक थे और जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान संचालित करते थे। उनका परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी है। अविवाहित करीम के परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। उनके पिता एक शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में सवार लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू ने बताया कि जिस ट्रक से बोलेरो टकराई, उसका रिफ्लेक्टर बंद था। तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Next Story