मध्य प्रदेश

पीतांबरा मंदिर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, पूजा कर माता से मांगी मन्नत

Kunti Dhruw
14 Feb 2022 1:12 PM GMT
पीतांबरा मंदिर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, पूजा कर माता से मांगी मन्नत
x
आज गृहमंत्री अमित शाह दतिया पहुंचे।

आज गृहमंत्री अमित शाह दतिया पहुंचे, और पीतांबरा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि चीन युद्ध के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू भी यहां पूजा कर चुके हैं।

दुनियाभर में मशहूर है यह शक्तिपीठ
गौरतलब है कि विश्वविख्यात पीतांबरा पीठ मध्य प्रदेश के दतिया में है। यह सबसे लोकप्रिय शक्तिपीठों में से एक है। पीताम्बरा पीठ की स्थापना 1935 में हुई थी। मान्यता है कि यहां माता से मांगी मन्नत हमेशा पूरी होती है। मां पीतांबरा शत्रुनाश की अधिष्ठात्री देवी मानी जाती हैं। राजसत्ता पाने के लिए मां की पूजा का विशेष महत्व होता है। बताया जाता है कि चीन से युद्ध के दौरान पंडित नेहरू ने भी पीतांबरा माता से आशीर्वाद लिया था। भारत- चीन युद्ध के समय यहां फौजी अधिकारियों और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के अनुरोध पर 51 कुंडीय महायज्ञ कराया गया था।

ऐसा था केंद्रीय गृहमंत्री का कार्यक्रम
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सबसे पहले मां पीतांबरा बगलामुखी के दरबार में माथा टेका। इसके बाद वनखंडेश्वर महादेव पर जल चढ़ाया। पूजा अर्चना करने के दौरान मंदिर से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मीडिया को दूर रखा गया। शाह ने करीब 10 से 15 मिनट तक पूजा-अर्चना की और उसके बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा से बातचीत कर दिल्ली के लिए रवाना हो गये। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने आये थे। उन्होंने यहां तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया। सबसे पहले सुबह वे झांसी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह मऊरानीपुर में सभा के लिए निकले, इसके बाद बरुआ सागर और मेला मैदान में भी उनकी सभा आयोजित हुई।


Next Story