मध्य प्रदेश

विभिन्न फसलों के बीच उगाए गए एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के गांजे के पौधे जब्त

Admin Delhi 1
22 Oct 2022 11:10 AM GMT
विभिन्न फसलों के बीच उगाए गए एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के गांजे के पौधे जब्त
x

बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी तथा खरगोन जिलों में विभिन्न फसलों के बीच उगाए गए एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के गांजे के पौधे जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बड़वानी के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने आज शाम बताया कि सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के बोरली तथा कालापाट ग्रामों के महाराष्ट्र सीमा से लगे पांच खेतों में दबिश देकर 57 लाख रुपए मूल्य के 567 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि कालापाट के नान सिंह और बेचान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि विक्रम फरार होने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में खेती कराने के पीछे किसी संगठित गिरोह का तो हाथ नहीं है।

सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी विकास कपीस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी तरह खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के झुमकी और रायलबेड़ा के खेतों में दबिश देकर 45 लाख रुपए मूल्य के साढ़े चार क्विंटल गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि झुमकी के हीरालाल रावत और रायल बेड़ा के रेम सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

Next Story