- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शराब दुकानों पर 400...
शराब दुकानों पर 400 लोगों की स्वास्थ्य जांच, लीवर संबंधी समस्याओं का खुलासा

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब का नियमित सेवन करने वाले लोगों की सेहत को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें शराब दुकानों पर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। अभियान के दौरान लिए गए रक्त के नमूनों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कई लोगों को लीवर संबंधी समस्याएं होने के संकेत मिले हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को शराब के अत्यधिक सेवन से बचने और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य नियमित रूप से शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की समय रहते पहचान करना है। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और आबकारी विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। लोगों की सहमति से रक्त के नमूने भी एकत्रित किए जा रहे हैं।





