मध्य प्रदेश

Gwalior: एयरफोर्स स्टेशन से एयरक्राफ्ट के स्क्रैप पर चोरों की नजर

Admindelhi1
13 Sept 2026 12:20 PM IST
Gwalior: एयरफोर्स स्टेशन से एयरक्राफ्ट के स्क्रैप पर चोरों की नजर
x
ग्वालियर में एयरफोर्स स्टेशन परिसर से चोरी

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में अति-संवेदनशील एयरफोर्स स्टेशन महाराजपुरा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एयरफोर्स कैंपस से विमानों में उपयोग आने वाले हाई-वैल्यू एवियोनिक्स स्क्रैप की चोरी का मामला सामने आया है।

चोरों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर कचरे के नीचे कीमती स्क्रैप छिपाकर उसे एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गेट से बाहर निकाल दिया।

घटना 9 सितंबर की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है, लेकिन शनिवार को मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब एयरफोर्स स्टेशन की निगरानी कर रहे अधिकारियों को अलग-अलग स्थानों पर रखे स्क्रैप की मात्रा कम नजर आई। इसके बाद प्राथमिक स्तर पर जांच की गई और चोरी की जानकारी सामने आई। चोरी किए गए स्क्रैप की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षा अनुभाग की ओर से महाराजपुरा थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को चोरी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि एयरफोर्स कैंपस में सफाई और कचरा निस्तारण का ठेका मैसर्स ढुल सिक्योरिटी सर्विसेज के पास है। कंपनी के मालिक सुभाष चंद्र ढुल नोएडा के रहने वाले हैं। वहीं ग्वालियर में कंपनी का कामकाज और ऑपरेशन्स मैनेजर योगेंद्र सिंह संभाल रहा था।

आरोप है कि ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने ही इस चोरी को अंजाम दिया। कचरा ले जाने वाले ट्रैक्टर को चोरी के लिए इस्तेमाल किया गया। बताया जा रहा है कि कचरे के नीचे हाई-वैल्यू एवियोनिक्स स्क्रैप छिपाया गया और फिर ट्रैक्टर को मुख्य गेट से बाहर ले जाया गया।

एयरफोर्स पुलिस की प्राथमिक जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बाद चोरी से जुड़ी जानकारी सामने आई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, चोरी किए गए पूरे स्क्रैप की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन के असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत पर महाराजपुरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और चोरी किया गया स्क्रैप बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।

Next Story