- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Gwalior: गोली लगने से...

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के ग्राम गिरगांव में मंगलवार को 40 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें एक किसान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गिरगांव में मंगलवार को दोपहर किसान डालचंद गुर्जर अपने भाई राजवीर और एक अन्य भाई के साथ खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान गांव में ही रहने वाले रामसेवक, सोनू, सुमनता, लल्ला, भब्बा और दीपू गुर्जर सहित अन्य हमलावरों ने उस पर हमला कर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली डालचंद गुर्जर (40) के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी हमलावर फरार हो गए।
घायल अवस्था में किसान डालचंद को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। डालचंद की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े में फायरिंग भी हुई थी, जिसमें एक युवक के सिर में गोली लगी थी। उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





