मध्य प्रदेश

Gwalior: कलश यात्रा में हादसे से इलाके में हड़कंप

Admindelhi1
10 Feb 2026 5:46 PM IST
Gwalior: कलश यात्रा में हादसे से इलाके में हड़कंप
x

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा नगर में मंगलवार को नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण-प्रतिष्ठा से पहले निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान स्टेडियम ग्राउंड में अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत 9 लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के डबरा नगर में 12 एकड़ क्षेत्र में बनाए गए नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मंगलवार से शुरू हुआ, जो 20 फरवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा हैं। आयोजन के पहले दिन नगर में विशाल कलश यात्रा निकाली जानी थी। कलश यात्रा का समय दोपहर एक बजे का था, लेकिन महिलाएं सुबह 9 बजे से ही स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने लगी थीं। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और कलश वितरण शुरू होते ही अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 70 वर्षीय महिला रति साहू की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत 9 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में कलश बांटते वक्त पुलिस ने एक गेट को बंद कर दिया। इससे कई महिलाएं दब गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय रति साहू की डबरा सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मृतक रति साहू की बहू रीना साहू ने आरोप लगाया कि हादसा पुलिस की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिसकर्मी ने गेट खोलकर अचानक बंद कर दिया, जिससे महिलाएं दब गईं। रीना साहू ने यह भी बताया कि डबरा सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर्स ने इलाज नहीं किया। रीना साहू ने बताया कि मेरी सास को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। वह आधे घंटे तक अस्पताल में तड़पती रहीं और उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद डबरा पहुंचे ग्वालियर के डीआईजी अमित सांघी ने बताया कि कलश यात्रा के दौरान भगदड़ में 70 वर्षीय महिला की जान गई है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। हमारी टीम मौके पर मौजूद है। घायलों की मदद की जा रही है। भगदड़ मचने को लेकर जांच जारी है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुबह कलश यात्रा थी। कलश लेने के लिए बड़ी संख्या में महिला जमा थीं। सभी लोगों को कलश लेने की जल्दी थी। इसी दौरान भगदड़ मची। एक महिला की मौत हुई है, बच्ची समेत कुछ लोग घायल हैं। डॉक्टर ने ऑब्जर्वेशन में रखा हुआ है।

घटना के बाद परिजन शव को लेकर डबरा पुलिस थाने पहुंचे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री और कार्यक्रम के आयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

Next Story