मध्य प्रदेश

छपरवारा में गिरी सरकारी स्कूल के बाथरूम की छत, दो मासूम घायल

Rani Sahu
25 Aug 2022 4:12 PM GMT
छपरवारा में गिरी सरकारी स्कूल के बाथरूम की छत, दो मासूम घायल
x
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सलेहा थाना क्षेत्र के ग्राम छपरवारा के सरकारी स्कूल के बाथरूम की छत गिरने से आज दो मासूम बच्चे घायल हो गए
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सलेहा थाना क्षेत्र के ग्राम छपरवारा के सरकारी स्कूल के बाथरूम की छत गिरने से आज दो मासूम बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद घायल हुए बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उन्हें तड़पता छोड़कर शिक्षक स्कूल से रफूचक्कर हो गये। घटना के संबंध में बताया गया कि अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने बच्चों को सलेहा अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार उपरांत सतना के लिए रेफर कर दिया है।
बताया गया है कि अभी कुछ दिन पूर्व ही स्कूल सहित बाथरूम का निर्माण हुआ है। लेकिन जैसे ही बच्चे बाथरूम करने के लिए परिसर में बने शौचालय में गए, अचानक उसकी छत भरभरा कर गिर गई जिसमें यह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। इस संबंध में प्रभारी डीपीसी और सहायक यंत्री अरविंद सिंह गौर ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है, मौके के लिए हम लोग रवाना हो रहे हैं। फिलहाल बच्चों का समुचित उपचार करवाना आवश्यक है।
घटना की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे। बच्चों को छोड़कर भागने वाले शिक्षकों पर भी कार्रवाई करेंगे। घायल बच्चे की मां राजाबाई ने कहा कि वह बच्चे को स्कूल छोड़ कर आई थी। सुबह के लगभग साढ़े दस बज रहे थे, वह घर भी नहीं पहुंच पाई कि पता चला कि बाथरूम की छत गिरने से बच्चा घायल हो गया है। जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची, तो बच्चे घायल अवस्था में तड़प रहे थे और शिक्षक मौके से गायब थे। बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल बच्चों के परिजन काफी गरीब हैं।
Next Story