मध्य प्रदेश

4 लाख का गांजा जब्त, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 Aug 2022 6:53 PM GMT
4 लाख का गांजा जब्त, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार
x
बड़ी खबर

ग्वालियर। बिहार से ट्रेन द्वारा लाया गया गांजा दिल्ली ले जाते समय क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गया। 4 लाख रुपये कीमत का गांजा दो बोरियों में भरकर सड़क मार्ग से ग्वालियर से दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दाैरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुरार थाना अंतर्गत भूमिया बाबा की पहाड़ी के पास एबी रोड बडागांव हाइवे पर आराेपित काे गांजे सहित दबोच लिया। क्राइम ब्रांच एएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रात में दो बोरी गांजा बिहार से चलकर ट्रेन द्वारा ग्वालियर पहुंच चुका है। अब यह गांजा दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ागांव हाइवे पर मुरार थाना प्रभारी शैलेेंन्द्र भार्गव के नेतृत्व में एक टीम लगा दी।

बदमाश वाहन द्वारा गांजा लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस देखकर उन्होंने अपना रास्ता बदल दिया। जिस पर पुलिस को शंका हुई तो उन्होंने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। जब बदमाश नहीं रुके तो पीछा कर उन्हें भूमिया पहाड़ी के पास पकड़ लिया। तलाशी ली गई तो उनके पास दो प्लास्टिक की बोरियों में 44 किलो गांजा मिला। पूछताछ पर पता चला कि पकड़े गए संदिग्ध चम्पारण बिहार व पटना के रहने वाले हैं। यह ट्रेन द्वारा गांजा लेकर रात में ग्वालियर पहुंचे थे। इन्हें सड़क मार्ग से गांजा दिल्ली पहुंचाना था। जब सुबह के समय वह गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे ताे पकड़े गए। गांजे की कीमत करीब 4 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
Next Story