मध्य प्रदेश

भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल का मनमोहक श्रृंगार, दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु

jantaserishta.com
27 Nov 2026 10:44 AM IST
भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल का मनमोहक श्रृंगार, दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु
x
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शुक्रवार सुबह बाबा महाकाल की भव्य भस्म आरती की गई। तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपने आराध्य के दिव्य स्वरूप की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आया। जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा परिसर घंटियों, शंखनाद और 'जय श्री महाकाल' के जयघोष से गूंज उठा।
शुक्रवार तड़के परंपरा के अनुसार सबसे पहले भगवान वीरभद्र से आज्ञा ली गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। मंदिर के पट खुलते ही पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना शुरू की। सबसे पहले भगवान का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। फिर झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों तथा शंखध्वनि के बीच भस्म आरती संपन्न हुई।
भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल का मनमोहक श्रृंगार किया गया। उनके ललाट पर लाल रंग के आधार के साथ दो सुंदर चंद्रमाएं सजाई गईं। इनमें एक चंद्रमा पर नीले रंग का त्रिशूल, जबकि दूसरे पर गुलाबी कमल का फूल अंकित है। बीच में छोटा सा त्रिपुंड और चमकता हुआ तिलक बाबा के स्वरूप की शोभा बढ़ा रहा। सिर पर चांदी का भव्य मुकुट और मखाने की माला ने उनके दिव्य रूप को और खास बना दिया।
बाबा महाकाल को गहरे नीले और हरे रंग का जरीदार वस्त्र पहनाया गया। पीले गेंदे और सफेद फूलों की मालाओं से उनका मनमोहक श्रृंगार किया गया। वहीं, भगवान को सामने केले, अमरूद, लड्डू, मिठाइयों और विभिन्न फलों का भोग अर्पित किया गया।
महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती की अपनी अलग धार्मिक मान्यता और परंपरा है। मान्यता के अनुसार, महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की जाती है। भस्म आरती के बाद भगवान अपने निराकार स्वरूप से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही वजह है कि देश-विदेश से श्रद्धालु इस आरती में शामिल होने और बाबा के दिव्य दर्शन पाने के लिए उज्जैन पहुंचते हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story