- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सरपंच प्रत्याशी के घर...

भिंड। पूर्व भाजपा विधायक रसाल सिंह के भतीजे संजीव सिंह ने बीती रात अपने साथियों के साथ राहुली उबारी गांव में सरपंच पद की प्रत्याशी सुशीला देवी के घर जाकर फायरिंग कर दी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। लहार थाना पुलिस ने पूर्व विधायक के भतीजे और उनके साथियों पर केस दर्ज कर लिया है।
लहार थाना टीआइ शिव सिंह यादव ने बताया कि फरियादी धर्मेंद्र पुत्र उदय सिंह कुशवाह निवासी ग्राम रहावली उबारी ने मय अपने पिताजी उदय सिंह कुशवाह के साथ थाना आकर बताया कि 17 जून 2022 और 18 जून 2022 की दरम्यानी रात 12.00 से 12.45 बजे मां गीता देवी ने आकर मुझे जगाया। इसके बाद उसने बताया कि बाहर 10-15 लोग खड़े हैं। आवाज आ रही है। गेट में लात मार रहे हैं और घर में घुसे आ रहे हैं। उनके साथ एक काली गाड़ी खड़ी है।
सब लोग गाली दे रहे हैं। धर्मेंद्र ने बताया कि कमरे में जा कर सीसीटीवी कैमरे को लाइव देखा तो पूर्व विधायक रसाल सिंह के भतीजे संजीव सिंह ठेकेदार निवासी मलपुरा,चंद्रप्रकाश उर्फ सीपी चौहान निवासी मिहोना, संजू वाल्मीकि निवासी रहावली उबारी, प्रमोद सिंह निवासी मलपुरा अन्य 10 लोग के साथ मेरे दरवाजे मे लातें मार रहे थे। उसके बाद उन्हीं में से किसी ने आड़ लेकर 4-5 हवाई फायर किए।
धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपित हत्या के इरादे से आए थे। यहां बता दें, इसी ग्राम पंचायत से पूर्व विधायक की बहू सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सुशीला देवी भी सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। इसी से पूर्व विधायक के भतीजे ने अपने साथियों के साथ आकर फायरिंग की और धमकी दी है। पुलिस ने आरोपिताें पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जिसके लिए हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है।