मध्य प्रदेश

भिंड जिले में सिलेंडर में लीकेज की वजह से घर में लगी आग

Admin Delhi 1
10 Jun 2023 12:28 PM GMT
भिंड जिले में सिलेंडर में लीकेज की वजह से घर में लगी आग
x

भोपाल न्यूज: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार को एक घर में आग लगने से कम से कम तीन बच्चों की झुलसकर मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना गोरमी थाना क्षेत्र के दानेकपुरा गांव की है। यहां पर एक घर में एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण आग लग गई थी। पुलिस के उप मंडल अधिकारी (एसडीओपी) राजेश राठौर ने कहा कि मृतकों में एक 4 साल का लड़का, उसकी 10 साल की बहन और उनकी 5 साल की चचेरी बहन शामिल है।

उन्होंने कहा कि मकान मालिक अखिलेश राजपूत और उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। मृतक गृहस्वामी के नाती-पोते थे। राठौर ने बताया कि अखिलेश की बहू और बेटी का भी गोरमी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। राठौर ने कहा, ऐसा लगता है कि आग लगने का कारण एलपीजी लीकेज है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच पूरी होने के बाद सही कारण का पता चलेगा।

जानकारी के अनुसार दले का पुरा में रहने वाले अखिलेश राजपूत के घर शनिवार को आगजनी की घटना हो गई। अखिलेश राजपूत के घर 17 जून को उनके छोटे बेटे सत्येंद्र की शादी है। इसलिए घर में मेहमान भी इकट्ठा हो रहे थे। घर में खाना बन रहा था, तभी अचानक सिलेंडर से गैस लीक हुई और घर में आग लग गई। इस आगजनी में अखिलेश के बड़े बेटे अरविंद के दो बच्चे भावना और कार्तिक की मौत हो गई। अखिलेश की बेटी पूजा ससुराल से अपने पिता के घर आई हुई थी। उसकी बेटी परी की भी आग से जलकर मौत हो गई। हादसे में अखिलेश और उसकी पत्नी विमला समेत बहू मीरा और बेटी पूजा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मौके पर पुलिस बल पहुंच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story