मध्य प्रदेश

आरोपी के आंगन में शव रखकर जलाने वाले 100 से ज्यादा लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

Teja
24 Feb 2023 6:39 PM GMT
आरोपी के आंगन में शव रखकर जलाने वाले 100 से ज्यादा लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
x

खण्डवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के खालवा स्थित ग्राम कोठा में आदिवासी युवक फुलचंद की हत्या के बाद शव को आरोपी के आंगन में जलाने के मामले में पुलिस ने 100 से ज्यादा लाेगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि मृतक फुलचंद को दाह संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा था लेकिन कुछ लोगों के उकसावे में लोगों ने आरोपी के घर के आँगन में ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि फुलचंद की हत्या के मामले में अभी तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें दो आरोपियों की रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

ज्ञातव्य है कि सोमवार 20 फरवरी की रात को आरोपी दुर्गालाल सहित अन्य आरोपियों ने आदिवासी युवक फुलचंद के साथ विवाद कर उसके साथ मारपीट की थी और उसे बेरहमी से पीटा था, जिसके बाद युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी।

इसके बाद आदिवासी समाज के लोगों ने युवक को इंसाफ दिलाने के लिए खालवा जनपद के पास चक्का जाम कर दिया था। पुलिस की समझाइश के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ था, इसके बाद कुछ लोगो ने आरोपियों के घर के आंगन में मृतक फूलचंद का शव रखकर वही अंतिम संस्कार कर दिया था।

Next Story