मध्य प्रदेश

बगैर 'हेलमेट' पति को लंबी उम्र की दुआ भी काम नहीं आएगी, पुलिस की इमोशनल अपील

HARRY
13 Oct 2022 10:08 AM GMT
बगैर हेलमेट पति को लंबी उम्र की दुआ भी काम नहीं आएगी, पुलिस की इमोशनल अपील
x

पति को हेलमेट नहीं पहनाएंगी तो लम्बी उम्र की दुआएं भी काम नहीं आएंगी..., पति को हेलमेट दिए बिना करवाचौथ व्रत अधूरा है...! पढ़कर अचरज हो रहा है न... मप्र के सागर शहर में जगह-जगह इसी तरह के होर्डिंग्स, फ्लेक्स, बैनर लगे नजर आ रहे हैं, लेकिन इन्हें किसी हेलमेट कंपनी ने नहीं बल्कि पुलिस ने लगवाया है। पुलिस इन दिनों हेलमेट अभियान के तहत लोगों को जागरुक कर रही है। करवाचौथ व्रत के मौके पर पुलिस अधिकारियों ने इमोशनल कार्ड खेलते हुए लोगों को जागरुक करने का अनूठा तरीका और अभियान चलाया है।

मप्र में सागर के पुलिस अधीक्षक तरुण नायक के नेतृत्व में लोगों को हेलमेट लगाने के लिए जागरुकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर लोगों को जागरुक करने के लिए जतन किए जा रहे हैं। चूंकी त्योहारों का मौसम भी चल रहा है, इस लिहाज से एसपी व अन्य अधिकारियों ने तय किया कि लोगों को उनके घर से ही जागरुक करने का तरीका निकाला जाए। परिजन करेंगे तो इसका असर जल्द होगा और व्यक्ति हेलमेट लगाने को लेकर प्रोत्साहित होंगें। इस कारण करवाचौथ व्रत से पहले सागर पुलिस द्वारा शहर में जगह-जगह, प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों पर इस आशय के होर्डिंग्स लगवाए गए हैं। जिनमें महिलाओं को मुख्य भूमिका में रखकर हेलमेट के प्रति जागरुकता बढ़ाई जा रही है।

सागर के सबसे व्यस्तम इलाके सिविल लाइन में जगह-जगह बडे़-बड़े होर्डिंग्स लगे हैं। इनमें एक महिला करवाचौथ की पूजा के लिए करवा और छलनी में दीपक रखे चांद को निहारने और दूसरे हाथ में करवा की थाली की जगह हेलमेट रखे दिख रही है। होर्डिंग्स पर स्लोगन लिखा गया है कि पति को हेलमेट नहीं पहनाएंगी तो लम्बी उम्र की दुआएं काम नहीं आएंगी। हेलमेट पहने, सुरक्षित रहें...। सागर पुलिस। इसी प्रकार अन्य होर्डिंग्स में लिखा है कि पति को हेलमेट दिए बिना करवाचौथ व्रत अधूरा है।

हेलमेट को लेकर सागर सहित प्रदेश स्तर पर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अवेयरनेस के लिए करवाचौथ का त्योहार चल रहा है, उसी थीम पर जागरुकता कार्यक्रम बनाया गया है। इसमें ज्यादा इम्पेक्ट पड़ेगा। पतियों की लंबी उम्र व सुरक्षा के लिए पत्नियां व्रत रखती हैं। इससे सोशल जागरुकता और घर से ही हेलमेट को लेकर जागरुकता प्रारंभ करने के उद्देश्य से यह प्रयास किया गया है। इसके अलावा अन्य थीम पर भी जागरुकता कार्यक्रम लाएंगे। सभी से यही अपील है कि वे हेलमेट लगाकर ही दुपहिया वाहन चलाएं।


Next Story