मध्य प्रदेश

क्लर्क के 3 ठिकानों पर EOW ने की छापेमारी, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति का पता चला

Nilmani Pal
28 Oct 2021 3:44 PM GMT
क्लर्क के 3 ठिकानों पर EOW ने की छापेमारी, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति का पता चला
x
जांच जारी

इंदौर नगर निगम में क्लर्क के घर गुरुवार को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में कार, बाइक और बैंक खातों की जानकारी मिली है। अब तक करीब एक करोड़ से अधिक की संपत्ति सामने आई है। विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। जानकारी के मुताबिक नगर निगम के मस्टरकर्मी राजकुमार सालवी का अंबिकापुरी में निवास है। ईओडबल्यू की टीम गुरुवार सुबह यहां पहुंची। टीम को आया देख मस्टरकर्मी घबरा गया। टीम ने कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच में तीन प्लॉट और एक फ्लैट के कागजात मिले। इसके अलावा तीन बाइक, एक कार और बैंक खातों की जानकारी मिली।

बिल पास करवाने वाले विभाग में था पदस्थ

राजकुमार 1997 में मस्टरकर्मी के पद पर भर्ती हुआ था। नगर निगम में ठेकेदारों के बिल पास करने के विभाग में काम करता था। कुछ साल पहले ही वह स्थायी हुआ है। उसने कुछ साल पहले पत्नी के नाम से फर्म भी बनाई थी। इसमें काफी लेनदेन हुआ और बाद में इसे बंद कर दिया गया। इस मामले को लेकर भी राजकुमार की शिकायत हुई थी। कहा जा रहा है कि राजकुमार सालवी के कई रसूखदारों से संबंध थे और बिल पास करवाने के एवज में वह कमीशन भी लेता था। ईओडब्ल्यू के डीएसपी अजय जैन के अनुसार अभी जांच जारी है। शुरुआती जांच में करीब एक करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई है।

Next Story