मध्य प्रदेश

राजबाड़ा के फुटपाथ से हटाया गया अतिक्रमण

Admin Delhi 1
22 Aug 2023 8:56 AM GMT
राजबाड़ा के फुटपाथ से हटाया गया अतिक्रमण
x
अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई पर हंगामा

इंदौर: व्यापारियों की नाराजगी के बाद अंतत: राजबाड़ा क्षेत्र में फुटपाथ पर कब्जा करने वाले ठेले और खोमचे वालों पर नगर निगम ने एक्शन ले लिया। सोमवार सुबह मुनादी कराने के बाद रिमूवल गैंग राजबाड़ा पहुंची और अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिए। सामान जब्त भी कर लिया है।

दोपहर बाद नगर निगम की टीमें वाहनों व अन्य संसाधनों के साथ क्षेत्र में पहुंची। पुलिस भी साथ रही। फुटपाथ खाली कराना शुरू किया तो झड़प जैसे हालात बन गए। फिलहाल यह कार्रवाई जारी है। इधर, कार्रवाई के दौरान बाजार में अफरातफरी की स्थिति भी बनती रही।

नगर निगम ने गोपाल मंदिर, इमामबाडा, निहालपुर आदि हिस्सों में कार्रवाई की। इस बार टीम में नगर निगम कर्मचारियों की संख्या ज्यादा थी। उन्होंने आते ही सामान उठाना शुरू कर दिया। इस दौरान कई फुटपाथ विक्रेताओं ने बड़े प्लास्टिक डालकर अपनी दुकानों का सामान ढंक दिया। निगम कर्मचारियों ने सभी दुकानों के प्लास्टिक हटाए और सामान भरना शुरू कर दिया। इस दौरान अलग-अलग दौर में विवाद हुए और विक्रेताओं का सामान सड़क पर बिखर गया। इस पर वे आक्रोशित हो गए और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि अभी त्यौहारों का सीजन है। नगर निगम ने हमारी रोजीरोटी छीनी है। हम ऐसी तानाशाही नहीं चलने देंगे। विवाद के मद्देनजर पुलिस टीम साथ में ही थी। निगम ने चेतावनी दी है कि यह कार्रवाई अभी रोज जारी रहेगी।

Next Story