मध्य प्रदेश

मैजिक पलटने से चालक की मौत, 18 बच्चे घायल

Ritisha Jaiswal
28 March 2022 3:39 PM GMT
मैजिक पलटने से चालक की मौत, 18 बच्चे घायल
x
मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही मैजिक पलट गई। इस हादसे में मैजिक के चालक की मौत हो गई है, जबकि करीब 18 बच्चे घायल हैं।

मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही मैजिक पलट गई। इस हादसे में मैजिक के चालक की मौत हो गई है, जबकि करीब 18 बच्चे घायल हैं। कुछ को ज्यादा चोट आई है। वाहन में लगभग 23 बच्चे सवार थे। यह मैजिक मदर लैंड पब्लिक स्कूल की है।

जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार दोपहर को हुआ। मैजिक का चालक स्कूल से बच्चों को लेकर घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान धतरावदा पंचक्रोशी मार्ग के पास मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे मैजिक के चालक की मौत हो गई व बच्चे घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद बच्चों के परिजन भी घबरा गए। वे तत्काल अस्पताल पहुंचे।
कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानने के लिए माता-पिता व परिजन पहुंचे। कुछ बच्चों को अधिक चोट लगी थी। सिर पर पट्टी बांधी गई।
कलेक्टर आशीष सिंह समेत पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। हादसे की जांच के लिए टीम बनाने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि सभी बच्चों का उचित उपचार हो यह हमारी पहली प्राथमिकता है। बच्चों की उम्र 8 से 18 वर्ष के बीच है। 18 बच्चे घायल हैं और सभी खतरे से बाहर है। जांच के लिए प्रशासन की टीम स्कूल जाएगी और पूरी पड़ताल करेगी कि सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। हादसा कैसे हुआ, किसकी लापरवाही से हुआ इसकी भी जांच करेंगे। आगे से ऐसा न हो इसके लिए गाइडलाइन बनाकर सख्त पालन करवाएंगे या पूर्व की गाइडलाइन को सख्ती से लागू करेंगे।


Next Story