मध्य प्रदेश

इंदौर में दिग्विजय सिंह का केंद्र पर हमला

SHIDDHANT
22 Nov 2025 10:13 PM IST
इंदौर में दिग्विजय सिंह का केंद्र पर हमला
x
Indore इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शनिवार को एनसीईआरटी द्वारा इतिहास की किताबों में किए गए बदलावों को लेकर केंद्र सरकार और आरएसएस पर निशाना साधा। हाल ही में एनसीईआरटी की नई पुस्तकों में मुगल सम्राट अकबर और मैसूर शासक टीपू सुल्तान के नाम के आगे लगे ‘महान’ शब्द को हटाया गया है, जिस पर दिग्विजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
इंदौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास की किताबों की समीक्षा और संशोधन के लिए एनसीईआरटी में विशेषज्ञों, लेखकों और इतिहासकारों की समिति होती है, लेकिन वर्तमान सरकार लगातार इतिहास में राजनीतिक हस्तक्षेप कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “बीजेपी और संघ की विचारधारा तब तक शांत नहीं होती, जब तक हिंदू-मुसलमान के बीच विवाद खड़ा न किया जाए। उनकी राजनीति का आधार ही समाज को बांटना है।”
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत का इतिहास कई परतों से मिलकर बना है और इसे किसी राजनीतिक एजेंडे के अनुसार बदलना या उसकी दिशा मोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और इतिहास लेखन जैसी प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और तथ्यों की सटीकता सर्वोपरि होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में ये क्षेत्र भी राजनीति की प्रयोगशाला बन गए हैं।
इस दौरान टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के हालिया बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। कबीर ने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि “भारत में मस्जिदें ज्यादा हैं, इन्हें मंदिरों में बदल दिया जाना चाहिए।” इस पर दिग्विजय सिंह ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा, “कभी भी मंदिर और मस्जिद को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत जैसे विविधता वाले देश में धर्म और पूजा स्थलों को विवादित बनाना बेहद खतरनाक है। राजनीति को मंदिर-मस्जिद से दूर रखना चाहिए और जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की तरक्की धर्म और इतिहास पर विवाद पैदा करने से नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास पर काम करने से होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा प्रणाली में बार-बार बदलाव करने की बजाय इसे स्थिर और वैज्ञानिक आधार देने की अपील की।
Next Story