- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- डीजल चोरों ने चुराई...

धामनोद। थाना क्षेत्र के फोरलेन बायपास पर फुड़ी चौराहे के नजदीक नवीन हरि रेस्टोरेंट्स पर अज्ञात बदमाशों ने डीजल चोरी कर जीप चुरा ली। 60 वर्षीय चौकीदार हुकुम सिगिया ने वाहन को रोकने की कोशिश तो बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार रोज की तरह रविवार रात 9 बजे बुजुर्ग होटल पर सोने के लिए पहुंचा था। सोमवार की सुबह जब दूध वाला पहुंचा तो उसने लहूलुहान स्थिति में चौकीदार को देखा। तत्काल होटल संचालक संजय यादव को सूचना दी। चौकीदार के शरीर पर कई गंभीर घाव थे, ऐसा लग रहा था कि उस पर धारदार हथियार से वार किए गए हों। दरअसल तीन महीने पूर्व ही रेस्टोरेंट के निर्माण कार्य का कार्य शुरू हुआ था। करीब ढाई माह से बुजुर्ग सोने के लिए यहां आ रहा था। संचालक संजय यादव ने बताया कि रेस्टोरेंट्स परिसर में ट्रैक्टर, जेसीबी, डंपर ,बोलेरो, पिकअप वाहन खड़े थे। इनसे अज्ञात बदमाशों ने डीजल निकाला।
वाहनों में भरने के लिए अतिरिक्त रखा डीजल भी अज्ञात बदमाश ले उड़े। यादव ने बताया कि दूध वाले की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचा पुलिस व सहयोगियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ही थे कि एक परिचित ने फोन लगाया। उसने बताया कि आपका वाहन फोरलेन से पनानिया मार्ग पर ओंकारेश्वर नहर के समीप खड़ा है। यादव ने बताया कि रात तकरीबन 2ः15 बजे वाहन रेस्टोरेंट्स से करीब 26 किलोमीटर दूर गुजरी बायपास तक गया। महाकाली ढाबा यानी काका ढाबा पर पहुंचा और वापसी में रात 3ः30 बजे धामनोद की तरफ आया। 40 मिनट ढाबे पर खड़े होने की जानकारी मिल रही है। घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी आरके यादव, एसडीओपी राहुल खरे जांच के लिए मौके पर पहुंचे। घटना को देखते हुए एसपी आदित्य प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं। शव परीक्षण कर शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी राहुल खरे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।