- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भस्म आरती में बाबा...
मध्य प्रदेश
भस्म आरती में बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन से भावविभोर हुए भक्त, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
jantaserishta.com
26 Nov 2026 10:20 AM IST

x
उज्जैन: मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि यानी गुरुवार की सुबह विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में दिव्य भस्म आरती की गई। इस अलौकिक दर्शन को पाने के लिए हजारों श्रद्धालु गुरुवार तड़के से ही मंदिर परिसर में उमड़ पड़े। पूरा परिसर जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा।
गुरुवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। मंदिर परिसर घंटियों, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। पुजारियों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर की आरती के बाद बाबा महाकाल ने मुकुट धारण किया। इसके बाद झांझ, मंजीरे, ढोल, नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्म आरती की गई।
उज्जैन के राजा बाबा महाकाल का आज का श्रृंगार मन को मोह लेने वाला था। गर्भगृह में विराजमान ज्योतिर्लिंग पर भस्म और चंदन से त्रिपुंड सजाया गया। मस्तक पर चमकता त्रिपुंड, लाल नेत्र और मुख पर दिव्य तेज बाबा के रौद्र और सौम्य दोनों स्वरूपों का दर्शन करा रहा था। बाबा के मस्तक पर चांदी का चंद्रमा और त्रिशूल शोभायमान था। गले में रुद्राक्ष और चांदी का हार तथा सिर पर सुंदर पुष्पों का मुकुट बाबा की आभा को और बढ़ा रहा था।
आज बाबा को लाल गुलाब, सफेद और गुलाबी कमल के फूलों की मनमोहक मालाएं अर्पित की गईं। बाबा के समक्ष मिष्ठान और फलों का भोग लगाया गया।
परंपरा के अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की जाती है। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद बाबा महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही कारण है कि भस्म आरती का दर्शन अत्यंत दुर्लभ और पुण्यदायी माना जाता है।
TagsBaba Mahakal
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





