मध्य प्रदेश

जहरीली शराब कांड के बाद अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM

SHIDDHANT
6 Sept 2026 9:59 PM IST
जहरीली शराब कांड के बाद अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM
x
Saggar सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बांदा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों और अधिकारियों से मरीजों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
बांदा क्षेत्र के कई गांवों में कथित जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने और कई लोगों की मौत होने की घटना सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मामले में पहले ही प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, जबकि पुलिस विभाग के दो अधिकारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थानीय शराब दुकानों को सील किया है और संदिग्ध शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती स्तर पर मिथाइल अल्कोहल की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल के अस्पताल दौरे के दौरान अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन घटना के कारणों और संदिग्ध शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है।
Next Story