- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- फैसला कल, जानिए निकाय...

49 टेबलों पर होगी 49 वार्डों की मतगणना, सुबह 9 बजे होगी मतगणना शुरू, 11 बजे तक सामने आ जाएंगे परिणाम
नगर निगम चुनाव में महापौर का ताज किसके सिर पर सजेगा इस बात का फैसला बुधवार को होगा। महापौर और पार्षद प्रत्याशी के मतों की गणना शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में होगी। सभी 49 वार्डों की मतगणना एक साथ करने के लिए 49 टेबल लगाई गई है। सुबह 9 बजे से मतगणना की शुरूआत होगी और 11 बजे तक परिणाम सामने आ जाएंगे।
मतगणना के दौरान सभी 270 बूथों के मतों की गणना एक साथ शुरू होगी। एक ही राउंड में 49 बूथों की गणना शुरू होगी। अधिकारियों ने बताया कि 6 राउंड में मतगणना का कार्य पूरा हो जाएगा। सबसे पहले वार्ड क्रमांक 32 के परिणाम सामने आएंगे क्योकि यहां पर सिर्फ 3 बूथ है और सबसे अंत में वार्ड क्रमांक 8 और वार्ड क्रमांक 19 के परिणाम आएंगे। इन दोनों वार्डों में बूथ की संख्या अधिक होने से 9-9 राउंड में मतों की गिनती है। 162 कर्मचारी मतगणना के कार्य में जुटेंगे।
डेढ लाख मतदाताओं ने किया मतदान
रतलाम में कुल 2,14,337 मतदाता है, जिनमें से 1,50,073 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 77,242 है जबकि महिला मतदाता 72829 है। मतगणना के मान से रतलाम में मध्यप्रदेश की 16 नगर निगम में सर्वाधिक 70 प्रतिशत मतदान हुआ है। 49 वार्डों में से वार्ड क्रमांक 30 से भाजपा की पार्षद प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई है, कांग्रेस प्रत्याशी ने यहां से अपना नाम वापस ले लिया था। ऐसे में अब 154 पार्षद प्रत्याशियांें के साथ 6 महापौर प्रत्याशी के परिणाम आएंगे। इस बार मैदान में भाजपा के 18 और कांग्रेस के 11 बागी प्रत्याशी भी मैदान में डटे है। इनमें 4 से 5 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में जीत तय मानी जा रही है।
महापौर कौन होगा इस पर संशय बरकरार
रतलाम में महापौर भाजपा का बनेगा या कांग्रेस का यह बात इस बार कोई भी ठीक से नहीं कह पा रहा है। हालांकि, प्रदेश में सर्वाधिक 70 प्रतिशत मतदान रतलाम में होने पर भाजपा प्रचंड मतों से अपनी जीत का दावा कर रही है तो कांग्रेस इसे एंटी बताते हुए 17 सालों के बाद रतलाम में उनका महापौर बनने की बात कह रही है। चुनाव में पहली बार कांग्रेस का मजबूत प्रत्याशी मैदान में होने से वोट बैंक की उम्मीद जताई जा रही है।