- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- ग्वालियर हादसे में...
मध्य प्रदेश
ग्वालियर हादसे में बढ़ा मौतों का आंकड़ा, एक और बुजुर्ग की मौत, कई गंभीर
Triveni
20 Oct 2026 11:37 AM IST

x
मृतकों की संख्या 16
ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। ग्राम सातऊ, गिर्द निवासी 78 वर्षीय मोतीलाल प्रजापति ने मंगलवार सुबह करीब 6:15 बजे निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल मोतीलाल प्रजापति को परिजनों ने ग्वालियर के लिंक अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में लगातार उनका उपचार चल रहा था। बताया गया कि चोट लगने के बाद रक्त वाहिका में थक्का जमने की समस्या सामने आई थी। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, मोतीलाल प्रजापति को वर्ष 2024 में हृदय संबंधी बीमारी के कारण स्टेंट भी लगाया गया था। सोमवार शाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। मंगलवार सुबह उनका निधन हो गया।
ट्रामा सेंटर में दो घायलों की हालत गंभीर
शीतला माता मंदिर हादसे में घायल कई लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। ट्रामा सेंटर में भर्ती सात मरीजों में 36 वर्षीय संजय शर्मा और सिंधिया नगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा शुभम राठौर, सोनू, अभिषेक जाटव, राजबहादुर और सात वर्षीय दिव्यांश भी उपचाररत हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की तड़के शीतला माता मंदिर के पास धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर की दीवार से टकरा गया था। मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
Next Story





