मध्य प्रदेश

होटल के कमरे में मिली युवक की लाश, आत्महत्या की आशंका

Shantanu Roy
9 Feb 2022 11:28 AM GMT
होटल के कमरे में मिली युवक की लाश, आत्महत्या की आशंका
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सतना। सतना के कोठी थाना अंतर्गत मदनी गांव के एक 32 वर्षीय युवक ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक होटल के कमरे में फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी है। घटना मंगलवार रात की है जिसकी सूचना देर रात उप्र पुलिस ने कोठी थाना पुलिस को देते हुए मृतक के घर संदेश भिजवाया। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित शगुन लाज के कमरा नंबर 11 में रुके दिलीप सिंह पिता अजय सिंह निवासी ग्राम मदनी, थाना कोठी बम्होली, जिला सतना ने मफलर का फंदा बनाकर पंखे से लटक कर जान दे दी।

लाज के कर्मचारियों को जब इस घटना का पता चला तो हड़कंप मच गया। तुरंत कर्मचारियों ने इसकी सूचना शाहगंज पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने कमरे की तलाशी भी ली लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। थानाध्यक्ष शाहगंज अरविंद राय का कहना है कि खुदकशी का कारण साफ नहीं है। परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि सतना से स्वजन प्रयागराज पहुंच चुके हैं जिसके बाद युवक के शव का पुलिस जांच उपरांत पोस्टमार्टम करा रही है जिसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया जाएगा। पूरे मामले में उप्र पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सतना पुलिस को देर रात मिली सूचना : इस मामले में सतना के कोठी थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि उप्र से बीती रात को उनके पास फोन आया था जिसके बाद उन्होंने मदनी गांव में एक लड़के को भिजवा कर सूचना पहुंचाई। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक 30 से 32 वर्ष का है जिसके पिता अजय सिंह भोपाल में नौकरी करते हैं। युवक यहां पर अपनी मां, चाचा व स्वजनों के साथ रहता था। सूचना के बाद परिवार के सभी लोग प्रयाग राज पहुंच गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि उनके परिवारजनों के अनुसार युवक ने आत्महत्या क्यों की इसकी कोई भी जानकारी नहीं है। और वह अपने काम के सिलसिले में गया हुआ था।

Next Story