मध्य प्रदेश

Damoh : फसल की रखवाली करने वाले बुजुर्ग किसान की हत्या

Tara Tandi
29 March 2024 1:23 PM GMT
Damoh : फसल की रखवाली करने वाले बुजुर्ग किसान की हत्या
x
दमोह : दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजोरा खमरिया गांव में फसल की रखवाली करने वाले बुजुर्ग किसान की हत्या कर दी गई है। उसका शव शुक्रवार सुबह खेत में बनी झोपड़ी में मिला है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह जताया है।
जानकारी के अनुसार 74 वर्षीय लक्ष्मण सिंह खेत में झोपड़ी बनाकर अकेले फसल रखवाली करता था। शुक्रवार सुबह पलंग पर उसका शव मिला है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरविंद सिंह, एफएसएल, फिंगर एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने में लगी है। मृतक के गर्दन पर लाठी की चोट के निशान मिले हैं। चेहरे पर खून लगा था। लाठी देखकर लगता है कि लाठी से गर्दन दबाई गई है। इससे हत्या का अंदेशा लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के बाद मर्ग कायम किया गया है। शव के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर जांच की जा रही है।
पत्नी व बेटे ने जताई हत्या की आशंका
वृद्ध की पत्नी और बेटे अमर सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि हर रोज की तरह पिताजी घर से खाना खाकर गुरुवार शाम खेतों की रखवाली करने खेत में बनी झोपड़ी में चले गए। शुक्रवार सुबह जाकर आवाज लगाई तो झोपड़ी से बाहर नहीं निकले। तब जाकर देखा तो खाट पर शव पड़ा था। गर्दन पर एक लाठी पड़ी थी। चेहरे पर खून लगा था। जैसे किसी ने गर्दन को लाठी से दबाकर हत्या की हो। अंदरूनी चोटें भी थी। बेटे का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से करीब दो वर्ष से विवाद चल रहा था। उन्होंने ही देख लेने की धमकी भी दी थी।
Next Story