मध्य प्रदेश

Damoh: प्रशासन ने किया ईंधन वितरण नियमों का कड़ा पालन

Admindelhi1
27 March 2026 3:36 AM IST
Damoh: प्रशासन ने किया ईंधन वितरण नियमों का कड़ा पालन
x

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन द्वारा ईंधन की समान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रति वाहन बिक्री की अधिकतम सीमा तय की गई है। आदेश के अनुसार दोपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये तक पेट्रोल, तीन पहिया वाहनों को 1000 रुपये तक, चार पहिया वाहनों को 2000 रुपये तक तथा भारी एवं मालवाहक वाहनों को अधिकतम 5000 रुपये तक डीजल/ईंधन दिया जाएगा। यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की गई है, ताकि अनावश्यक भंडारण और कृत्रिम मांग पर रोक लगाई जा सके।

अपर कलेक्टर एवं नगर दंडाधिकारी मीना मसराम द्वारा गुरुवार को जारी निर्देशों में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी से संबंधित भ्रामक संदेश फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुनादी एवं जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं।

प्रशासन ने कालाबाजारी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर भी सख्ती दिखाई है। निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पेट्रोल पंप निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं वसूलेगा। जानबूझकर स्टॉक छिपाने, ‘नो स्टॉक’ घोषित करने या अवैध भंडारण करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है। सभी पेट्रोल पंपों को न्यूनतम 1000 लीटर पेट्रोल और 3000 लीटर डीजल का रिजर्व स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए अधिक भीड़ वाले पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा 24 घंटे निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वाड का गठन किया गया है तथा एसडीएम, तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों के लिए जिला कंट्रोल रूम नंबर 350300 जारी किया गया है, जहां प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी

Next Story