मध्य प्रदेश

चंबल नदी में नहा रहे बालक को मगरमच्छ ने खींचा

Shantanu Roy
8 July 2022 3:45 PM GMT
चंबल नदी में नहा रहे बालक को मगरमच्छ ने खींचा
x
बड़ी खबर

गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र में ग्राम ढाबा में शुक्रवार को रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। यहां चंबल नदी में नहाने उतरे दो बालकों में से एक को मगरमच्छ खींच ले गया और बालक को जबड़े में लेकर डेढ़ घंटे तक नदी में घूमता रहा। दूसरे बालक ने नदी के बाहर आकर शोर मचाया तब लोग आए। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची। रेस्क्यू कर बालक को मगरमच्छ से छुड़वाया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में गमगीन माहौल हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम ढाबा निवासी 12 वर्षीय गोलू पुत्र परसराम बंजारा व 14 वर्षीय लक्की पुत्र रमेश बंजारा दोनों शुक्रवार को बकरियां चराने चंबल नदी के किनारे गए थे।

इस दौरान दोनों बालक नदी में नहाने के लिए उतरे। इस दौरान मगरमच्छ ने लक्की के पैर को पकड़ लिया वह मशक्कत कर स्वयं को बचाकर बाहर निकल गया, लेकिन मगरमच्छ ने गोलू को अपने मुंह में जकड़ लिया और खींच ले गय। इस दौरान नदी से बाहर निकलते ही लक्की ने शोर मचाया। ग्रामवासी एवं आसपास खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंच गए। अपने स्तर पर बालक को छुड़ाने का प्रयास किया था। फिर वन विभाग की टीम द्वारा करीब डेढ़ घंटे के प्रयास कर बालक को मगरमच्छ से छुड़ाया गया। बाद में गरोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा गया। वहीं लक्की का उपचार जारी है।

मगरमच्छ के हमले से एक बालक की मृत्यु हो गई है। एक बालक का उपचार चल रहा है। मृतक बालक गोलू बंजारा के स्वजन को वन्य प्राणियों से जनहानि अधिनियम के तहत सहायता राशि नियम अनुसार दी जाएगी। -कमलेशकुमार साल्वी, वन विभाग रेंज अधिकारी, गरोठ

Next Story