मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भगोरिया महोत्सव में आदिवासियों के साथ किया डांस

Kunti Dhruw
17 March 2022 2:34 PM GMT
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भगोरिया महोत्सव में आदिवासियों के साथ किया डांस
x
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़वानी में भगोरिया महोत्सव के दौरान आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ नृत्य किया।

भोपाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़वानी में भगोरिया महोत्सव के दौरान आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ नृत्य किया। शिवराज ने वीरवार को ट्वीट में लिखा कि बड़वानी में भौंगर्या (भगोरिया) उत्सव में जनजातीय भाई-बहनों के बीच पहुंचकर जीवन एक नए रंग में रंग गया। उनके जीवन के हर क्षण, हर पल में ऊर्जा है, उत्सव है, आनंद है। उनकी आत्मीयता और प्रेम ने हृदय को आनंदित कर दिया। बड़वानी में प्रेम के प्रतीक भगोरिया महोत्सव में भाग लेकर अंतर्मन अत्यंत आनंदित व प्रफुल्लित है। आत्मीय स्वागत ने मन को मोहित कर लिया। कितनी सुंदर संस्कृति है कितने ही मनोहर रंग हैं इनकी कला संस्कृति के। यह आनंद हर जीवन में हो, यही शुभेच्छा।

आदिवासियों के सांस्कृतिक पर्व भगोरिया मेलों का गुरुवार को अंतिम दिन है। बुधवार को जिले के गांव करवड़, बोड़ायता, कल्याणपुरा, मदरानी व ढेकल, बरझर, बोरी, चांदपुर, खट्टाली, मथवाड़ में मेले लगे। सुबह 10 बजे से ही ग्रामीण मेला देखने पहुंचने लगे थे। अंतिम दौर होने से मेलों में अच्छी भीड़ दिखाई दी। ढोल-मांदल की थाप पर ग्रामीण खूब थिरके। युवाओं ने बांसुरी की तान से मोह लिया। रंगों के त्याहोर होली पर प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि होली उत्साह, उमंग से मनाएं पर शालीनता के साथ। उन्होंने कहा कि होली सिर्फ गोकाष्ठ से जलाएं। मैं भी गोकाष्ठ से ही जलाऊंगा। पेड़ नहीं काटना है, पेड़ तो लगाना है।

उन्होंने कहा कि गांव-शहर को स्वच्छ रखें, ताकि प्रदेश नंबर एक पर आ जाए। गौरव दिवस मनाने की अपील करते हुए सीएम ने कहा कि अपने गांव-शहर के लिए कुछ न कुछ जरूर करें। चौहान ने कहा कि होली की शुभकामनाएं, भगोरिया की राम-राम। उन्होंने रंगपंचमी की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल से कोरोना के कारण हम होली नहीं मना पाए थे, पर अब कोरोना नियंत्रण में है। प्रदेश का माहौल उत्साह और आनंद से भरा हुआ है। इसलिए होली पूरे उत्साह, आनंद के साथ मनाइए। सभी गिले-शिकवे भूल जाइए। कहीं दिलों में दीवार हो, तो तोड़ दीजिए। बच्चे स्कूल जा रहे हैं। पढ़ाई कर रहे हैं। परीक्षाएं हो रही हैं। सब ठीक है। इसलिए होली भी पूरे उत्साह से मनाएं।


Next Story