मध्य प्रदेश

सीएम मोहन यादव ने स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन पर जताया दुख

SHIDDHANT
7 Feb 2026 11:52 PM IST
सीएम मोहन यादव ने स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन पर जताया दुख
x
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: सतना स्थित प्रसिद्ध धारकुंडी आश्रम के संस्थापक स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज शनिवार को ब्रह्मलीन हो गए। उन्होंने 102 वर्ष की दीर्घायु में मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। सीएम डॉ मोहन यादव ने स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन पर दुख व्यक्त किया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना के धारकुंडी आश्रम के संस्थापक परम पूज्य स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन पर दु:ख व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, साधना और मानवता के कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल अनुयायियों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि परम पूज्य स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, साधना और मानवता के कल्याण को समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल अनुयायियों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के ब्रह्मलीन होने की सूचना मिलते ही पूरे देश में फैले उनके लाखों श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। मुंबई से उनका पार्थिव शरीर चित्रकूट स्थित धारकुंडी आश्रम लाया गया, जहां उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। आश्रम परिसर में रविवार को अंतिम दर्शन कराए जाएंगे और आश्रम की परंपरा के अनुसार सोमवार को समाधि दी जाएगी।
Next Story