मध्य प्रदेश

जनता का मूड जानने के लिए यात्रा का सहारा लेगी चौहान सरकार

Admin Delhi 1
19 Jan 2023 6:24 AM GMT
जनता का मूड जानने के लिए यात्रा का सहारा लेगी चौहान सरकार
x

भोपाल न्यूज: मध्य प्रदेश में भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं, पिछले चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां जन आशीर्वाद यात्रा सहारा लिया था, तो इस बार वे चुनावी वैतरणी पार करने विकास यात्राओं का सहारा लेने जा रहे हैं और मंत्रियों की इन यात्राओं में खास भूमिका रहने वाली है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की मंगलवार को नई दिल्ली मंे हुई बैठक के बाद भोपाल लौटे मुख्यमंत्री चौहान पूरी तरह एक्शन मोड में हैं, उन्होंने सहयोगी मंत्रियों की बैठक बुलाई और विकास यात्राओं का पूरा खाका खींच दिया। इसके साथ ही उन्होंने संभागायुक्तों और जिलाधिकारियों से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि संत रविदास की जयंती पांच फरवरी से प्रदेश में विकास यात्राओं का क्रम आरंभ होगा।

विकास यात्रा में पूर्ण निर्माण कार्य का लोकार्पण तथा जो निर्माण कार्य शुरू करने हैं उनका प्रभारी मंत्री द्वारा शिलान्यास किया जाएगा। विकास यात्रा में हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान करने के साथ उनसे संवाद के लिए गांव या ग्राम पंचायत स्तर पर हितग्राही सम्मेलन होंगे। विकास यात्रा का रूट प्रभारी मंत्री तय करेंगे। मंत्रीगण विकास यात्रा के पहले दो दिन सघन दौरा अवश्य करें। शासन की विकास गतिविधियों और जन-कल्याणकारी कार्यों का लाभ जनता को निश्चित समय-सीमा में बिना किसी परेशानी के मिले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। विकास यात्रा में हितग्राहियों से इन विषयों पर संवाद अवश्य किया जाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मंत्रीगण के दौरे और विकास यात्रा प्रभावी हों, यह हमारी प्राथमिकता है। विकास यात्रा पांच फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगी, आवश्यकता होने पर विकास यात्रा की अवधि को प्रभारी मंत्री अधिकतम 25 फरवरी तक बढ़ा सकते हैं। विकास यात्रा में मंत्रीगण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पूर्ण होने की समय-सीमा, जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और संतुष्टि स्तर के लिये हितग्राहियों से संवाद अवश्य करें। विकास यात्रा में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न समाजों के प्रबुद्ध जन से भी चर्चा की जाए। विकास यात्रा में जिला मुख्यालय के साथ विकासखंड स्तर तक दौरे होंगे और सभी मंत्री लौटने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने विकास यात्रा के संबंध में जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था तथा समन्वय संबंधी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में राज्य स्तर पर जिले के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान कराया जाए। जिले के उत्कृष्ट कार्यों के प्रचार तथा अन्य स्थानों पर उनके अनुकरण को प्रोत्साहित किया जाए। शिक्षण संस्थाओं, छात्रावासों, आँगनवाड़ी, विद्युत और पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन के रेस्टोरेशन के कार्यों का निरीक्षण भी विकास यात्रा में होगा।

Next Story