मध्य प्रदेश

Chhindwara: छिंदवाड़ा में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज

Admindelhi1
21 April 2026 11:17 AM IST
Chhindwara: छिंदवाड़ा में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज
x

छिन्दवाडा: मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत के साथ ही तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को छिंदवाड़ा के शासकीय पीजी कॉलेज में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के सेकंड बैच के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण सत्र के पहले दिन 15 कर्मी अनुपस्थित रहे, जिनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर जनगणना अधिकारी कमलेश निर्गुंडकर के मार्गदर्शन में, जिला जनगणना प्रभारी अनुज सोलंकी एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा संचालित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को घर-घर जाकर मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, भवन, परिवार एवं जनगणना मकान की परिभाषाएं, साथ ही जनगणना अधिनियम एवं नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

फील्ड ट्रेनर्स क्रमशः पुरुषोत्तम शेंडे, पराग कटारे, संजय कुमार ठाकुर, अखलेश सूर्यवंशी, गीता बांदेवार, विध्या भूषण, गया प्रसाद बंजारा एवं इम्तिया खान हैं। प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम उपायुक्त आर.एस.बाथम, सहायक आयुक्त मीना कोरी, सहायक यंत्री विवेक चौहान, प्रीति दुबे एवं राजेंद्र सोनी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में स्व-गणना 30 अप्रैल 2026 तक की जाएगी, जबकि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संपन्न होगा। इस बार जनगणना में डिजिटल-प्रथम दृष्टिकोण अपनाया गया है। इसके तहत भौतिक मकान सूचीकरण अभियान (एचएलओ) शुरू होने से पहले 15 दिनों की वैकल्पिक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। सफल पंजीकरण के बाद उन्हें एक विशिष्ट पहचान संख्या प्राप्त होगी, जो आगे की प्रक्रिया में सहायक होगी।

Next Story