- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Chhindwara: ऑटो...
Chhindwara: ऑटो पार्ट्स शॉप में लगी आग, 3 फायर ब्रिगेड मौके पर

छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अलका टॉकीज के पास स्थित स्वास्तिक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शुक्रवार दोपहर काे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दाेपहर करीब 12 बजे की है। दुकान में बड़ी मात्रा में ऑटो पार्ट्स और ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
3 फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार पानी और फोम की मदद से आग बुझाने में जुटे हुए हैं। दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान आग की चपेट में आ चुका है।
पुलिस और नगर निगम ने संभाली स्थिति
आग की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस और नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया गया और यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट किया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और फायर डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





