मध्य प्रदेश

लहसुन की बढ़ती कीमत के चलते चोरी के डर से खेतों में लगे सीसीटीवी कैमरे

Tara Tandi
22 Feb 2024 8:05 AM GMT
लहसुन की बढ़ती कीमत के चलते चोरी के डर से खेतों में लगे सीसीटीवी कैमरे
x
उज्जैन : पूरे देश में लहसुन के भाव आसमान पर हैं। लहसुन को लेकर सिर्फ खरीदार ही चिंतित नहीं, बल्कि किसान भी घबराए हुए हैं। दरअसल, किसानों को डर सता रहा है कि लहसुन की बढ़ती कीमत के बीच कहीं उनकी चोरी न शुरू हो जाए, इसलिए किसान अब खेतों में सुरक्षा के इंतजाम करते दिख रहे हैं। हाल ही में मध्यप्रदेश के उज्जैन से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर किसानों ने अपने लहसुन के खेत में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं, साथ ही कुछ मजदूरों को भी तैनात कर दिया है, ताकि लहसुन की फसल कोई चुरा न ले जाए।
इस वर्ष लहसुन की फसल ने एक तरह से किसानो की बल्ले-बल्ले कर दी है। थोक मंडी में किसानों की लहसुन 25 से 30 हजार रुपये क्विंटल बिक रही है। खेरची बाजार में लहसुन 500 से 600 रुपये किलो आम ग्राहकों को मिल रहा है। फिलहाल लहसुन का भाव बहुत अच्छा चल रहा है। ऐसे में लहसुन उत्पादक किसान बेहद खुश नजर आ रहे हैं, लेकिन इस खुशी के साथ किसानों को एक चिंता भी है और वह है खेतों में खड़े लहसुन की रखवाली की। लहसुन की फसल चोरी होने की चिंता किसानों को सता रही है। अधिक भाव लहसुन के होने के कारण खेतों में खड़ी लहसुन की फसल चोरी होने का डर है। ऐसे में फसल की सुरक्षा के लिए किसान हर तरह के प्रयास कर रहे हैं।
उज्जैन के चिंतामन रोड़ स्थित ग्राम मंगरोला के किसान जीवन सिंह ठाकुर ने खेत में खड़ी लहसुन की फसल की सुरक्षा के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। किसान जीवन सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने अपनी लहसुन की देखरेख के लिए खेतों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिससे खेती पर नजर रखी जा सके। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वे घर बैठे 24 घंटे अपने खेत पर नजर रखते हैं। साथ ही गांव के अन्य किसानों ने खेत के चारों और अधिक लाइटें लगवा कर रात दिन सुरक्षा कर रहे हैं। कुछ किसानों ने रात के लिए प्राइवेट गार्ड भी खेत पर रखे हैं जो लगातार लहसुन की फसल की सुरक्षा कर रहे हैं।
Next Story