मध्य प्रदेश

गृहमंत्री के जिले में 2 गुटों में खूनी संघर्ष , 5 की मौत

Rani Sahu
13 Sep 2023 5:01 PM GMT
गृहमंत्री के जिले में 2 गुटों में खूनी संघर्ष , 5 की मौत
x
दतिया (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में जानवर चराने को लेकर दो गुटों में हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और गोलीबारी भी हुई, इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और पांच से ज्यादा लोग घायल हो गए। राज्य के गृहमंत्री डाॅॅ. नरोत्तम मिश्रा दतिया जिले से ही विधायक हैं।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेड़ा गांव में दांगी और पाल समाज से जुड़े दो परिवारों के बीच खेत में जानवर घुसने को लेकर विवाद था। इसके लिए गांव में बुधवार को पंचायत भी बुलाई गई। इसी दौरान प्रकाश दांगी और प्रीतम पाल के बीच बहस हुई, विवाद हुआ और बाद गोलीबारी तक पहुंच गई। इस गोलीबारी में दोनों पक्षों के पांच लोगों की मौत हुई है, वहीं पांच से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। दो दिन पहले भी जानवर खेत में घुसने और भगाने केा लेकर इनमें विवाद हुआ था। मामला पुलिस थाने तक भी पहुंचा था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, ''मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कानून व्यवस्था संभालने वाले गृहमंत्री के गृह जिले दतिया में गोलीबारी में पांच लोगों की मौत का दिल दहलाने वाला समाचार मिला है।''
उन्‍होंने आगे कहा, ''दतिया के रेड़ा गांव की ये घटना बताती है कि कमीशन और भ्रष्टाचार की व्यवस्था ने कानून और व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा खत्म कर दिया है। इससे आम नागरिक दहशत में हैं। 'पैसे दो और काम लो' की भ्रष्ट व्यवस्था ने आज पांच लोगों की बलि ले ली। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि आप जन आशीर्वाद के नाम पर जन अभिशाप को बढ़ावा ना दें।
Next Story