- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कैफे के बाहर विवाद के...
मध्य प्रदेश
कैफे के बाहर विवाद के बाद खूनी झड़प, कार से कुचलने की कोशिश; भाजपा नेता के बेटे की मौत. 2 गंभीर
Shubhra Nandy
10 Nov 2026 9:17 AM IST

x
नीमच : मध्य प्रदेश के नीमच शहर में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने की मामूली बात को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। भरभड़िया चौराहे के पास स्थित 'हाईवे 24×7 होटल-कैफे' पर शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस वारदात में नीमच के पूर्व भाजपा जिला मंत्री व पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष चोरसिया के 24 वर्षीय पुत्र ईशान चोरसिया की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
कार से कुचलने का प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत निहाल और रुद्राक्ष के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर हुई थी। इसके बाद ईशान चोरसिया और मेग जैन दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव व बातचीत कराने पहुंचे थे। लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों से करीब 50 से अधिक युवक लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान एक युवक को कार से कुचलने का प्रयास भी किया गया।
कान के नीचे मिली चोट
घटना के बाद ईशान काफी देर तक होश में था और थाने में शुरुआती बयान के दौरान भी उसकी हालत सामान्य थी। हालांकि, जब पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले गई, तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार ईशान की कनपटी और कान के नीचे अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।
2 युवकों की हालत गंभीर, 4 आरोपी हिरासत में
इस झड़प में निहाल शर्मा (20) और रुद्राक्ष (25) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा नेता महेंद्र भटनागर और एसपी राजेश व्यास जिला अस्पताल पहुंचे। एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और पूछताछ के लिए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
हाईवे किनारे के ढाबों और कैफे पर उठे सवाल
इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि भाटखेड़ा फंटे से नयागांव टोल तक हाईवे किनारे स्थित कई ढाबे, होटल और कैफे देर रात तक खुले रहते हैं, जहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से ऐसी जगहों पर कड़ी निगरानी रखने और नियमों का पालन कराने की मांग की है।
Next Story





