- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शरद यादव के निधन पर...
मध्य प्रदेश
शरद यादव के निधन पर नीतीश, लालू, तेजस्वी सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक
Rani Sahu
13 Jan 2023 12:21 PM IST

x
पटना,(आईएएनएस)। देश के वरिष्ठ समाजवादी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन से बिहार की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राजद के नेता लालू प्रसाद, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित भाजपा के नेताओं ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शरद यादव के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दु:खद है। शरद यादव से मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं।
उन्होंने कहा कि वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
राजद के अध्यक्ष और उनके साथ राजनीति करने वाले लालू प्रसाद ने शोक प्रकट करते हुए ट्वीट कर लिखा कि अभी सिंगापुर में रात्रि में शरद भाई के जाने का दुखद समाचार मिला। बहुत बेबस महसूस कर रहा हूं। आने से पहले मुलाकात हुई थी और कितना कुछ हमने सोचा था समाजवादी व सामाजिक न्याय की धारा के संदर्भ में। शरद भाई, ऐसे अलविदा नही कहना था। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद ने कहा कि मंडल मसीहा, राजद के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूँ। कुछ कह पाने में असमर्थ हूँ।
उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार उनके परिजनों के साथ है।
इसके साथ हीं राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, उदय नारायण चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, प्रदेश के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने भी शरद जी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि समाजवादी आन्दोलन के महान सेनापति के साथ हीं मंडल मसीहा के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।
भाजपा के नेताओं ने भी शरद यादव के निधन पर शोक प्रकट किया है। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने यादव के निधन पर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, समाजवादी नेता आदरणीय श्री शरद यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है। वे एक सुलझे हुए राजनेता थें। उनके निधन से राजनीतिक जगत को गहरा झटका लगा है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय सिन्हा ने कहा कि शरद यादव का निधन दुखद है।
--आईएएनएस
TagsTaaza SamacharBreaking NewsRelationship with the publicRelationship with the public NewsLatest newsNews webdeskToday's big newsToday's important newsHindi newsBig newsCountry-world newsState wise newsAaj Ka newsnew newsdaily newsIndia newsseries of newsnews of country and abroadSharad Yadav passed away
Next Story





