मध्य प्रदेश

Bhopal: मौसम विभाग का अलर्ट, कई जिलों में लू से सावधान रहने की सलाह

Admindelhi1
25 May 2026 2:38 PM IST
Bhopal: मौसम विभाग का अलर्ट, कई जिलों में लू से सावधान रहने की सलाह
x
"एमपी के 44 जिलों में गर्म हवाओं का कहर, अलर्ट जारी"

भोपाल: मध्य प्रदेश में नौतपा की शुरुआत आज से हो गई है और इसका असर 2 जून तक देखने को मिलेगा। 25 से 28 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में रहेंगे। आज सोमवार को राज्य के 44 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पांच जिलों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के शुरुआती दिनों में भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में तेज गर्मी का असर रहेगा। इन इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार को खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म स्थान रहे, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री, जबकि दमोह, सागर और सतना में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। गुना, मुरैना, राजगढ़ और श्योपुर में भी पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

सोमवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट, भिंड, दतिया, आगर-मालवा, राजगढ़, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, उमरिया, शहडोल, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट और भोपाल, ग्वालियर, डिंडौरी, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। विभाग ने अगले चार दिनों के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा है कि पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार बना रहेगा और लोगों को फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है।

Next Story