- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Bhopal: एजुकेशन...
Bhopal: एजुकेशन मैनेजमेंट सिस्टम से परीक्षा प्रक्रिया होगी आसान

भोपाल: मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। विभाग ने एजुकेशन मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) पोर्टल विकसित किया है। इस पोर्टल के माध्यम से कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र, परिणाम और अंक सूची तैयार की जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था शिक्षण सत्र 2025-26 से ही शुरू की जाएगी। विभाग ने इसकी तैयारी भी पूरी कर ली है। नई व्यवस्था के शुरू होने से वार्षिक परीक्षाओं की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध हो सकेगी। साथ ही परीक्षा संबंधी कार्यों में समय की बचत के साथ प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी।
बताया गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विकसित ईएमएस पोर्टल के माध्यम से सभी विद्यार्थियों के लिए यूनिक रोल नंबर जनरेट किए जाएंगे, जिसके आधार पर परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। वार्षिक परीक्षा परिणाम भी पोर्टल पर ही तैयार किए जाएंगे तथा विद्यार्थियों की अंकसूचियां सीधे प्रिंट की जा सकेंगी।
इस प्रक्रिया के माध्यम से राज्य, संभाग एवं जिला स्तर पर परीक्षा परिणामों का त्वरित विश्लेषण किया जा सकेगा। साथ ही पोर्टल के माध्यम से द्वितीय परीक्षा की कार्यवाही भी की जा सकेगी। स्कूल शिक्षा विभाग की यह पहल परीक्षा प्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे विद्यार्थियों एवं विद्यालयों दोनों को सुविधा मिलेगी।
प्रदेश में कक्षा 10वीं का संस्कृत एवं कक्षा 12वीं में मनोविज्ञान विषय का हुआ पेपर
इधर, प्रदेश भर में माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को कक्षा 10वीं का संस्कृत और कक्षा 12वीं का मनोविज्ञान विषय का पेपर शांतिपूर्ण तरीके से हुआ।
कक्षा 10वीं की संस्कृत परीक्षा में प्रदेश भर में कुल 13 नकल प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें जिला मुरैना में 9, गुना में 1, भोपाल में 1 और बैतूल में 2 नकल प्रकरण शामिल हैं। हायर सेकंडरी (कक्षा 12वीं ) की परीक्षा में किसी भी प्रकार का नकल प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली।





