- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Bhopal: मध्य प्रदेश...

भोपाल: मध्य प्रदेश में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप नहीं निकल पाई, जिससे दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, गुना सहित करीब 15 शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रही। सोमवार को भी ठंड का असर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 27 और 28 जनवरी को प्रदेश में मावठा गिरने की संभावना है। इसके चलते भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन के साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी
रविवार को दिन के समय सर्द हवाओं के चलते कई शहरों में कड़ाके की ठंड रही। गुना में अधिकतम तापमान सबसे कम 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौगांव में 20 डिग्री, दतिया में 20.1 डिग्री, श्योपुर में 20.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 20.7 डिग्री, रतलाम और शिवपुरी में 21 डिग्री, खजुराहो में 21.2 डिग्री, धार में 21.4 डिग्री, रीवा में 21.6 डिग्री और दमोह में 21.8 डिग्री रहा।
प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 21 डिग्री, इंदौर में 21.8 डिग्री, उज्जैन में 22.5 डिग्री, ग्वालियर में 22.3 डिग्री और जबलपुर में 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सीधी, रायसेन, उज्जैन, दमोह, सतना, उमरिया, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, छिंदवाड़ा, खजुराहो, मंडला, नौगांव, सागर और मलाजखंड में भी कोहरे का असर देखा गया।
रात के तापमान में भी गिरावट
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को भी ठंड तेज रही। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 7.4 डिग्री, गुना में 7.7 डिग्री, पचमढ़ी और श्योपुर में 8.4 डिग्री, नौगांव में 9 डिग्री और रतलाम व रीवा में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पांच बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 11.9 डिग्री, इंदौर में 13.2 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री और जबलपुर में 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में बारिश का अनुमान
27 जनवरी को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम और 28 जनवरी को जबलपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, विदिशा और रायसेन में बारिश की संभावना है।





